खोराबार में 67 कुंतल अवैध पटाखे बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर। आगामी त्योहारों के मद्देनजर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खोराबार पुलिस और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने खोराबार थाना क्षेत्र से विजय कुमार जायसवाल नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से कुल 67 कुंतल अवैध विस्फोटक पदार्थ (पटाखे) बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को थाना खोराबार की पुलिस टीम रात्रि गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विजय कुमार जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान स्वर्गीय जगदीश नारायण जायसवाल के पुत्र विजय कुमार जायसवाल, निवासी खोराबार, थाना खोराबार, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
इस मामले में थाना खोराबार पर मु0अ0सं0 533/26 के तहत धारा 5/9बी विस्फोटक अधिनियम एवं धारा 288 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी खोराबार और एंटी थेफ्ट सेल के नेतृत्व में की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कुसुमेन्द्र सिंह, कांस्टेबल राजेश पाठक, सतीश कुमार, रिजर्व कांस्टेबल सतीश कुमार तथा एंटी थेफ्ट सेल के निरीक्षक सुनील कुमार राय, आरक्षी रमेश कुशवाहा, भूपेन्द्र कुमार यादव, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र नाथ तिवारी, मिथिलेश बहादुर सिंह, आरक्षी अंकित कुमार सिंह और हेड कांस्टेबल कमलेश कुमार शामिल रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध पटाखों के भंडारण और कारोबार को लेकर क्षेत्र में चर्चा है। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।
Continue With Google
Comments (0)