कौड़ीराम, गोरखपुर। कौड़ीराम क्षेत्र के जयंतीपुर (दिघवा) में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के चतुर्थ दिवस वृंदावन की अंतरराष्ट्रीय बाल व्यास पूज्या श्वेतिमा माधव प्रिया ने भक्त ध्रुव के चरित्र का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने ध्रुव की अटूट श्रद्धा, कठिन तपस्या और भगवान के प्रति अनन्य समर्पण की कथा सुनाकर श्रद्धालुओं को भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
कथा के दौरान बाल व्यास श्वेतिमा माधव प्रिया ने कहा कि भक्त ध्रुव का जीवन दृढ़ संकल्प, अटूट विश्वास और सच्ची भक्ति का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने बताया कि यदि मनुष्य के भीतर लक्ष्य के प्रति दृढ़ इच्छाशक्ति और ईश्वर के प्रति सच्ची निष्ठा हो तो वह जीवन में उच्चतम उपलब्धियां हासिल कर सकता है।
उन्होंने विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को ध्रुव चरित्र से प्रेरणा लेने का संदेश देते हुए कहा कि जीवन में अच्छे संस्कार, धैर्य, माता-पिता का सम्मान और ईश्वर के प्रति विश्वास बनाए रखना आवश्यक है। धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से उन्होंने भक्ति के महत्व को भी विस्तार से समझाया।
कथा के दौरान भजन-कीर्तन और धार्मिक जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु भाव-विभोर होकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करते रहे।
कार्यक्रम में मुख्य यजमान गौरी शंकर गुप्ता एवं श्रीमती कमलावती देवी तथा कार्यक्रम संयोजक संगम गुप्ता ने विधि-विधान से व्यासपीठ का पूजन-अर्चन किया।
इस अवसर पर सौहार्द शिरोमणि संत सौरभ, आचार्य गौरव पाण्डेय, सह आचार्य राघव पाण्डेय, कृष्ण कुमार शुक्ला, सुमन गुप्ता, ब्रजेन्द्र सिंह, विवेक त्रिपाठी, लक्की गौस्वामी, राज, रमनेश त्रिपाठी, सूर्यनाथ मिश्रा सहित अनेक गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)