गोरखपुर। जिले में संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बेलीपार पुलिस ने हत्या के एक मामले में आरोपी गैंग लीडर समेत तीन लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। जिला मजिस्ट्रेट गोरखपुर से गैंग चार्ट अनुमोदित होने के बाद तीनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गैंग का कथित लीडर ऋषभ सिंह उर्फ अंचल सिंह निवासी भौवापार, थाना बेलीपार है। उसके साथ गैंग के सदस्य बलवंत सिंह उर्फ टार्जन उर्फ राहुल सिंह और कुन्दन सिंह, दोनों निवासी भौवापार, को भी इस कार्रवाई में शामिल किया गया है।

पुलिस का आरोप है कि ऋषभ सिंह अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर हत्या जैसे गंभीर अपराधों को अंजाम देता है। गिरोह के सदस्यों के कारण आम जनमानस में भय और आतंक का माहौल होने की बात भी पुलिस ने अपने प्रेस नोट में कही है। इसी आधार पर आरोपियों को स्वतंत्र रूप से विचरण करने से रोकने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

बेलीपार थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 259/2026, धारा 2ख(1)(XI)/3(1), उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम, 1986 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

ऋषभ सिंह पर आठ मुकदमे दर्ज

पुलिस द्वारा जारी आपराधिक इतिहास के अनुसार, गैंग लीडर ऋषभ सिंह उर्फ अंचल सिंह के खिलाफ वर्ष 2017 से 2026 के बीच कुल आठ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इनमें हत्या से संबंधित धारा 103(1) सहित भारतीय न्याय संहिता की अन्य धाराओं में वर्ष 2026 में बेलीपार थाने में दर्ज मुकदमा भी शामिल है। इसके अलावा मारपीट, धमकी, बलवा और एससी-एसटी एक्ट से संबंधित मुकदमे भी दर्ज हैं।

वहीं, बलवंत सिंह उर्फ टार्जन उर्फ राहुल सिंह और कुन्दन सिंह के खिलाफ भी वर्ष 2026 में दर्ज हत्या से संबंधित मुकदमा संख्या 105/2026 का उल्लेख उनके आपराधिक इतिहास में किया गया है।

पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी बांसगांव के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष बेलीपार की ओर से यह कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।