गोरखपुर। आगामी धनतेरस, श्री लक्ष्मी-गणेश पूजा एवं दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए गोरखपुर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक नगर ने थाना कैंट क्षेत्र के अंतर्गत लक्ष्मी प्रतिमा स्थापित करने वाले आयोजकों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर ने विभिन्न पूजा आयोजकों से संवाद स्थापित कर आयोजन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी सिटी ने आयोजकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें, ताकि त्योहारों के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो। साथ ही किसी भी समस्या, अप्रिय घटना अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक थाना कैंट सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।