गोरखपुर। साहित्य के माध्यम से विश्वशांति, मानवता और वैश्विक सद्भाव का संदेश देने के उद्देश्य से संचालित अंतरराष्ट्रीय विश्व रिकॉर्ड साहित्यिक अभियान ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अभियान के 77वें दिन 77वीं अंतरराष्ट्रीय पुस्तक ‘मानवता की धड़कन : संत सौरभ’ का आवरण लोकार्पित किया गया। इस पुस्तक के लेखक कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य के सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यकर्ता मोबिलिका निकोलस हैं। लगातार 77 दिनों तक प्रतिदिन एक नई पुस्तक का आवरण जारी होना अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक जगत में उल्लेखनीय पहल मानी जा रही है।

पुस्तक में विश्व प्रसिद्ध सद्भाव संत सौरभ के जीवन-दर्शन, आध्यात्मिक चिंतन और मानवीय विचारों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। इसमें प्रेम, शांति, करुणा, सेवा, सहिष्णुता और मानवीय एकता जैसे सार्वभौमिक मूल्यों के माध्यम से विश्व को एक परिवार मानने का संदेश दिया गया है। पुस्तक का उद्देश्य जाति, धर्म, भाषा और राष्ट्रीयता की सीमाओं से ऊपर उठकर मानवता के भाव को मजबूत करना है।

लेखक मोबिलिका निकोलस कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य के दक्षिण किवु प्रांत के बुकावु में पर्यावरण ऑनलाइन (ईएनओ) के समन्वयक हैं। वे पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता, मानवीय सेवा और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनकी इस रचना के माध्यम से संत सौरभ के विचारों को अफ्रीकी महाद्वीप से जोड़ते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मानवतावादी संवाद को विस्तार देने का प्रयास किया गया है।

अंतरराष्ट्रीय साहित्यकारों को जोड़ रहा अभियान

इस साहित्यिक अभियान में भारत सहित यूरोप, एशिया और अफ्रीका के विभिन्न देशों के लेखक, शिक्षाविद् और सामाजिक चिंतक अपनी भाषाओं एवं सांस्कृतिक दृष्टिकोणों के माध्यम से संत सौरभ के जीवन और दर्शन को साहित्य का विषय बना रहे हैं। इससे पूर्व सर्बिया की लेखिका स्नेझाना शोल्कोटोविच की ‘MOSTOVI MIRA – Bridges of Peace’, अमेरिका के स्टेसी मोडिसेट की ‘FRAMING HUMANITY’, क्रोएशिया के प्रोफेसर डॉ. इवान गाचिना की ‘Sant Saurabh: Voice of Universal Harmony’, इंडोनेशिया की ‘CAHAYA NUSANTARA’ और फिलीपींस की ‘SANT SAURABH: DIWA NG SANLIBUTAN – THE SPIRIT OF HUMANITY’ सहित कई अंतरराष्ट्रीय पुस्तकों के आवरण जारी किए जा चुके हैं।

संत डॉ. सौरभ पाण्डेय का जीवन-दर्शन अभियान का केंद्र

इस अभियान का केंद्रबिंदु धरा धाम इंटरनेशनल के प्रमुख सौहार्द शिरोमणि संत डॉ. सौरभ पाण्डेय का जीवन, व्यक्तित्व और विश्व सद्भाव का दर्शन है। अभियान के माध्यम से विभिन्न देशों के रचनाकारों को एक साझा मानवतावादी विचारधारा से जोड़ने तथा विश्वबंधुत्व, धार्मिक सहिष्णुता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

इन सभी पुस्तकों का प्रकाशन भारत की गीता ज्ञान इंटरनेशनल पब्लिकेशन्स एवं दिव्य प्रेरक कहानियाँ ई-पब्लिकेशन सेंटर द्वारा किया जा रहा है। 77वीं पुस्तक के आवरण लोकार्पण के साथ यह अंतरराष्ट्रीय साहित्यिक अभियान एक नए पड़ाव की ओर बढ़ गया है।