गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूजनीय माताजी श्रद्धेया श्रीमती सावित्री देवी की स्मृति में रविवार को भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ, महानगर गोरखपुर की ओर से जुबली चौक, बक्शीपुर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान शहर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। साथ ही दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति एवं सद्गति के लिए प्रार्थना की।

भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक भोला प्रसाद अग्रहरी और महानगर संयोजक सौरभ कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित सभा में बड़ी संख्या में व्यापारी प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। उपस्थित लोगों ने शोकाकुल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

इस अवसर पर व्यापारी नेताओं ने कहा कि माता का स्थान जीवन में सर्वोपरि होता है। उनके त्याग, तपस्या, संस्कार और आशीर्वाद से ही संतान के व्यक्तित्व का निर्माण होता है। श्रद्धेया सावित्री देवी के निधन से व्यापारी समाज भी दुखी और मर्माहत है। इस कठिन समय में गोरखपुर का व्यापारी समाज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के साथ खड़ा है।

श्रद्धांजलि सभा में दवा विक्रेता समिति, संयुक्त व्यापार मंडल, गोलघर व्यापार मंडल, बक्शीपुर व्यापार मंडल, जुबली चौक व्यापारिक संघ, रुस्तमपुर व्यापार मंडल, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, राप्ती कॉम्प्लेक्स व्यापार समिति, गुरु गोरखनाथ आरती समिति, असुरन व्यापार मंडल और चेंबर ऑफ ट्रेडर्स सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

इस दौरान राजेश गुप्ता, रमेश चंद्र गुप्ता, भोला प्रसाद अग्रहरी, सौरभ कुमार सिंह, योगेंद्र नाथ दुबे, अभिषेक शाही, उपेंद्रनाथ श्रीवास्तव, जितेंद्र शुक्ला, मदन अग्रहरि, उमेश अग्रहरि, अमित टिबरेवाल, अवधेश गुप्ता, अधिवक्ता पूजा गुप्ता, संतोष राजभर और पार्षद चंदन आर्या सहित अनेक व्यापारी नेता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के महानगर संयोजक सौरभ कुमार सिंह ने कहा कि महाराज जी की श्रद्धेया माताजी का निधन अत्यंत पीड़ादायक है। गोरखपुर का संपूर्ण व्यापारी समाज इस दुख की घड़ी में मुख्यमंत्री जी और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

सामूहिक शांति प्रार्थना के साथ श्रद्धांजलि सभा का समापन हुआ।