महंत श्रीश दास जी महाराज ने किया शुभारंभ, अब एक ही डिजिटल मंच पर मिलेंगी हर जिले, तहसील और ब्लॉक की खबरें

गोरखपुर। जिले के गोला तहसील क्षेत्र स्थित सिद्धपीठ मदरिया में मंगलवार को विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म ‘दैनिक अध्याय’ के आधिकारिक मोबाइल ऐप और वेबसाइट का लोकार्पण किया गया। सिद्धपीठ के महंत श्रीश दास जी महाराज ने दोनों डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ कर संस्थान की पूरी टीम को आशीर्वाद दिया।

इस अवसर पर दैनिक अध्याय के संस्थापक एवं प्रधान संपादक श्रेयश पाण्डेय ने कहा कि हनुमान जी की सिद्धपीठ मदरिया जैसे पावन स्थल से इस नई डिजिटल यात्रा की शुरुआत होना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पाठकों तक स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरें एक ही डिजिटल मंच पर पहुंचाना है।

डिजिटल चैनल से ऐप और वेबसाइट तक का सफर

दैनिक अध्याय की शुरुआत 15 सितंबर 2025 को डिजिटल न्यूज़ चैनल के रूप में हुई थी। 16 सितंबर से खबरों का प्रकाशन शुरू हुआ। संस्थान के अनुसार, फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब के माध्यम से हजारों लोग इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं। एक महीने में चार मिलियन से अधिक व्यूज और एक वीडियो पर ढाई मिलियन से ज्यादा व्यूज मिलने का दावा भी किया गया है। अब मोबाइल ऐप और वेबसाइट के माध्यम से डिजिटल पत्रकारिता के विस्तार की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।

हर क्षेत्र की खबरों के लिए अलग व्यवस्था

मोबाइल ऐप में टॉप, ट्रेंडिंग और ताजा खबरों के साथ लोकल सेक्शन भी उपलब्ध होगा। इसके माध्यम से पाठक अपने राज्य, जिले और तहसील का चयन कर अपने क्षेत्र की खबरें देख सकेंगे। वीडियो सेक्शन में रील्स की तर्ज पर वीडियो देखने की सुविधा होगी। इसके अलावा लाइक, कमेंट, सेव और शेयर जैसे फीचर भी दिए गए हैं। पाठक अपने पसंदीदा रिपोर्टर को फॉलो कर उनकी खबरें, वीडियो और लेख भी देख सकेंगे।

ऐप में ब्रेकिंग न्यूज अलर्ट, हिंदी और अंग्रेजी भाषा का विकल्प, डार्क एवं लाइट मोड तथा सेव की गई खबरों को देखने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

डेस्क की समीक्षा के बाद प्रकाशित होंगी खबरें

संस्थान की प्रस्तावित व्यवस्था के अनुसार, प्रत्येक ब्लॉक, तहसील और जिले में रिपोर्टर तैनात किए जाएंगे। राज्य स्तर पर स्टेट हेड और मुख्यालय पर केंद्रीय डेस्क की जिम्मेदारी होगी। रिपोर्टरों द्वारा भेजी गई खबरों की डेस्क स्तर पर जांच और समीक्षा के बाद ही उनका प्रकाशन किया जाएगा। राजनीति, अपराध, जांच-पड़ताल, जनसमस्याओं और अन्य महत्वपूर्ण विषयों से जुड़ी खबरों को प्रमुखता दी जाएगी। संस्थान ने आम लोगों की समस्याओं को उठाने के साथ खबरों में संबंधित पक्षों का दृष्टिकोण शामिल करने की बात भी कही।

कार्यक्रम के अंत में संस्थापक एवं प्रधान संपादक श्रेयश पाण्डेय ने इस यात्रा में सहयोग और मार्गदर्शन देने वाले सभी लोगों, टीम के सदस्यों तथा पाठकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जितेंद्र नाथ पाण्डेय, सुशील कुमार पाण्डेय, सुभद्रा पाण्डेय, श्रेया पाण्डेय, आकाश मिश्रा सहित दैनिक अध्याय की टीम के अन्य सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।