आरटीआई के जवाब में आर्थो विभागाध्यक्ष ने इंप्लांट उपलब्ध कराने में प्रशासन की असमर्थता की दी जानकारी, कांग्रेस नेता ने की दोषियों पर कार्रवाई की मांग
गोरखपुर, 04 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज में आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों को ऑपरेशन के लिए आवश्यक इंप्लांट उपलब्ध नहीं हो पाने का मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े होने लगे हैं। इस मामले को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी गोरखपुर के उपाध्यक्ष जितेन्द्र विश्वकर्मा ने मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराते हुए सरकार से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जितेन्द्र विश्वकर्मा के मुताबिक, बीआरडी मेडिकल कॉलेज के आर्थो विभाग में भर्ती आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों को ऑपरेशन के लिए बाहर से लाखों रुपये खर्च कर इंप्लांट खरीदने की बात सामने आने पर उन्होंने जन सूचना अधिकार अधिनियम (RTI) के तहत जानकारी मांगी थी। इसके जवाब में बीआरडी मेडिकल कॉलेज के आर्थो विभागाध्यक्ष डॉ. पवन प्रधान ने बताया कि मरीजों के लिए इंप्लांट उपलब्ध कराने में मेडिकल कॉलेज प्रशासन असमर्थ है।
उन्होंने बताया कि विन्धूमति नामक मरीज लंबे समय से चलने-फिरने में असमर्थ थीं और पूर्व में भी कई बार ऑपरेशन की उम्मीद लेकर बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंच चुकी थीं, लेकिन उनके लिए भी इंप्लांट उपलब्ध नहीं हो सका।
इस मामले पर कांग्रेस नेता जितेन्द्र विश्वकर्मा ने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि मुख्यमंत्री के गृह जनपद में स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज जैसे बड़े चिकित्सा संस्थान में मरीजों को ऑपरेशन के लिए जरूरी इंप्लांट तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। एक तरफ सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से गरीबों को मुफ्त इलाज देने का दावा करती है, वहीं दूसरी तरफ मरीजों को इलाज के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब मरीज लंबे समय से आर्थो विभाग में इलाज करा रहे थे, तो आखिर किन परिस्थितियों में उनके लिए इंप्लांट की व्यवस्था नहीं की जा सकी? इसके लिए मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय होनी चाहिए।
जितेन्द्र विश्वकर्मा ने सरकार से मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिन अधिकारियों या जिम्मेदार लोगों की लापरवाही से मरीजों को इंप्लांट उपलब्ध नहीं हो पाया, उनके खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही बीआरडी मेडिकल कॉलेज में इंप्लांट सहित सभी आवश्यक चिकित्सा संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आयुष्मान कार्ड धारकों को इलाज के लिए भटकना न पड़े और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो
Continue With Google
Comments (0)