गोरखपुर। गोरखपुर के बस स्टेशनों के आसपास अवैध प्राइवेट वाहनों और डग्गामार बसों के संचालन को लेकर यूपी रोडवेज इंप्लाइज यूनियन ने मोर्चा खोल दिया है। यूनियन के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर क्षेत्रीय अध्यक्ष दिनेश मणि मिश्र के नेतृत्व में क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा गया। मुख्यमंत्री के लैपटॉप वितरण कार्यक्रम को देखते हुए प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को सीमित करते हुए ज्ञापन के माध्यम से कार्रवाई की मांग की गई।

ज्ञापन क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज गोरखपुर के माध्यम से मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव परिवहन, आरटीओ और मंडलायुक्त गोरखपुर को संबोधित किया गया। इसमें गोरखपुर बस स्टेशन, कचहरी बस स्टेशन और नौसढ़ बस स्टेशन के आसपास से संचालित हो रहे अवैध प्राइवेट वाहनों और डग्गामार बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई।

इस दौरान यूनियन के क्षेत्रीय मंत्री राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि गोरखपुर मुख्यमंत्री का शहर है, इसके बावजूद बस स्टेशनों के आसपास अवैध वाहन संचालन पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। यूनियन अगस्त माह से लगातार इस मुद्दे को लेकर आंदोलन कर रही है। जिलाधिकारी को भी पूर्व में ज्ञापन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कार्रवाई नहीं होने से अवैध वाहन संचालकों के हौसले बुलंद हैं और बस स्टेशनों के आसपास आज भी धड़ल्ले से अवैध वाहन संचालित हो रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो यूनियन प्रदेश मुख्यालय पर घेराव कर आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।

ज्ञापन कार्यक्रम में अमरमणि पांडेय, रामनारायण सिंह, जयचंद पासवान, संजय पासवान, संजय कुमार तिवारी, राकेश मिश्रा, उमेश कुमार पांडेय, सुनील शर्मा, राजीव शर्मा, अजय कुमार पांडेय, मनोज चंद, उमेश जायसवाल, राधा रमण सहित बड़ी संख्या में रोडवेज कर्मचारी उपस्थित रहे।