गोरखपुर। बाल दिवस के अवसर पर 26वीं वाहिनी पीएसी, गोरखपुर परिसर में शनिवार, 14 नवंबर को भव्य बाल मेले एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। सेनानायक श्रीमती निहारिका शर्मा (IPS) के कुशल नेतृत्व एवं निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास से सभी का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम में सेनानायक निहारिका शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं, सहायक सेनानायक संजय नाथ तिवारी एवं उमेश यादव भी मौजूद रहे। बाल मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं और आकर्षक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता रही। इसमें नन्हे-मुन्ने बच्चों ने महापुरुषों, स्वतंत्रता सेनानियों, देशभक्तों एवं विभिन्न आकर्षक पात्रों की वेशभूषा धारण कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों और शानदार अंदाज ने उपस्थित अधिकारियों एवं अभिभावकों को खूब प्रभावित किया।
इस अवसर पर सेनानायक श्रीमती निहारिका शर्मा (IPS) ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनके सर्वांगीण विकास, बेहतर शिक्षा, अच्छे संस्कार और भीतर छिपी प्रतिभाओं को निखारने के लिए सकारात्मक अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है।
पूरे आयोजन के दौरान वाहिनी परिसर बच्चों की हंसी-खुशी और उमंग से गुलजार रहा। बाल मेले ने जहां बच्चों को मनोरंजन का अवसर दिया, वहीं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के माध्यम से उन्हें अपनी रचनात्मकता और आत्मविश्वास प्रदर्शित करने का मंच भी मिला।
कार्यक्रम में सहायक सेनानायक संजय नाथ तिवारी, सहायक सेनानायक उमेश यादव, दलनायक रामचंद्र दयाल, सूबेदार सैन्य सहायक ब्रह्मा सिंह, पीएमएस प्रभारी अनिल शर्मा, पीसी दयाशंकर यादव, पीएमएस के शिक्षकगण सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Continue With Google
Comments (0)