गोरखपुर। संविधान दिवस (26 नवंबर) के अवसर पर युवा नेता, दलित चिंतक एवं समाजसेवी इं. बृजमोहन ने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक किताब नहीं, बल्कि भारत की आत्मा और लोकतंत्र का मजबूत आधार है। संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और सम्मान के साथ जीने का अधिकार देता है।

उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। सामाजिक भेदभाव, जातिगत असमानता और छुआछूत को समाप्त किए बिना लोकतंत्र की भावना पूरी नहीं हो सकती।

इं. बृजमोहन ने कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान, स्वतंत्र पत्रकारिता, सामाजिक सद्भाव और नागरिकों की जागरूकता बेहद जरूरी है।

उन्होंने संविधान दिवस पर सभी नागरिकों से न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने तथा भेदभाव मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की।